एनएसएस शिविर में छात्रों को सिखाए यातायात नियम, नशा मुक्त समाज पर भी जोर

कोरबा। कटघोरा ब्लॉक के अरदा स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का सात दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है।

यह शिविर मिनीमाता गर्ल्स कॉलेज कोरबा, शासकीय कॉलेज दीपिका और बाकी मोगरा के संयुक्त तत्वावधान में संचालित है। शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं की भागीदारी से नशा मुक्त समाज का निर्माण करना है।

शिविर के दौरान कोरबा ट्रैफिक पुलिस के निरीक्षक तेजस यादव और मनोज राठौर ने विशेष सत्र में पहुंचकर छात्रों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने हेलमेट और सीटबेल्ट के उपयोग, ओवर स्पीडिंग के खतरे, ट्रैफिक सिग्नलों के महत्व तथा सड़क पर जिम्मेदार व्यवहार के बारे में जागरूक किया।

एनएसएस की इस पहल का उद्देश्य छात्रों में अनुशासन, सामाजिक जागरूकता और सुरक्षित नागरिक बनने की भावना को बढ़ावा देना है। शिविर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के साथ सामाजिक सरोकारों पर भी चर्चा की जा रही है।