जर्क मैदान में इंटर एरिया व्हॉलीबॉल टूर्नामेंट शुरू

कोरबा-कुसमुंडा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के कुसमुंडा क्षेत्र अंतर्गत विकास नगर स्थित जर्क मैदान में इंटर एरिया व्हॉलीबॉल टूर्नामेंट की शुरुआत उत्साहपूर्ण माहौल में हुई। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के एसईसीएल के कुल 11 क्षेत्रों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।

लीग आधार पर खेले जा रहे मुकाबलों में अंकों के आधार पर टीमों को अगले दौर में प्रवेश मिलेगा। कुसमुंडा, कोरबा, गेवरा, दीपका विस्तार, भटगांव, विश्रामपुर, जोहिला, मनेन्द्रगढ़, जमुना-कोतमा, हसदेव, चिरमिरी और रायगढ़ क्षेत्रों की टीमें दमखम दिखा रही हैं। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों का उत्साह बढ़ा दिया है।

कुसमुंडा स्टेडियम के वॉलीबॉल कोर्ट में हो रहे मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी पहुँच रहे हैं। मैचों के रोमांच में लगातार वृद्धि हो रही है और दर्शकों की भीड़ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ा रही है।

एसईसीएल कुसमुंडा क्षेत्र के मुख्य महाप्रबंधक ने बताया कि कोयला उत्पादन और डिस्पैच के साथ-साथ कंपनी की प्राथमिकता में कर्मचारी कल्याण, खेल प्रोत्साहन और सामाजिक उत्तरदायित्व भी शामिल हैं। खेल प्रतियोगिताएँ इसी प्रतिबद्धता का हिस्सा हैं।