कटघोरा-पेंड्रा मुख्य मार्ग पर अमलडीहा बस स्टैंड के पास हादसा,बिना पार्किंग लाइट खड़े भारी वाहन को लेकर उठे सवाल
कोरबा। कटघोरा-पेंड्रा मुख्य मार्ग पर अमलडीहा बस स्टैंड के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार पल्सर बाइक सड़क किनारे अंधेरे में खड़े ट्रेलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक के सिर में गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
काम से घर लौट रहा था सागर
मृतक की पहचान बनवार निवासी सागर कंवर (21) के रूप में हुई है। बताया गया कि सागर कटघोरा की एक निजी कंपनी में काम करता था। रोज की तरह काम खत्म करने के बाद वह पल्सर बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान अमलडीहा बस स्टैंड के पास यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, सड़क किनारे अंधेरे में एक ट्रेलर खड़ा था। ट्रेलर पर न तो पर्याप्त पार्किंग लाइट दिखाई दे रही थी और न ही कोई स्पष्ट चेतावनी संकेतक लगा था। इसी वजह से तेज गति से आ रहे सागर को खड़ा ट्रेलर नजर नहीं आया और बाइक सीधे उसके पिछले हिस्से से जा टकराई।
बाइक की जलती लाइट देखकर राहगीरों को मिली जानकारी
हादसे के बाद सागर सड़क किनारे जा गिरा। उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। दुर्घटना के बाद बाइक की लाइट जलती रही, जिसे देखकर राहगीरों का ध्यान मौके की ओर गया। लोगों ने सड़क किनारे युवक को घायल अवस्था में पड़ा देखा और तत्काल डायल 112 को सूचना दी।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम के साथ कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक को देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
एक हादसे ने बुझा दिया घर का चिराग
सागर की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजन मौके पर पहुंचे। जवान बेटे की मौत से परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं बनवार गांव में भी शोक का माहौल है।
सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि कटघोरा-पेंड्रा मार्ग पर कई बार ट्रेलर और ट्रक सड़क किनारे बिना पर्याप्त संकेतक अथवा पार्किंग लाइट के खड़े कर दिए जाते हैं। इसके अलावा खराब या ब्रेकडाउन वाहन भी कई बार सड़क किनारे खड़े रहते हैं।
लोगों का कहना है कि रात के अंधेरे में ऐसे वाहन दूर से दिखाई नहीं देते और पीछे से आने वाले वाहन चालकों के लिए अचानक खतरा पैदा हो जाता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की निगरानी और कार्रवाई के साथ ही पार्किंग लाइट तथा चेतावनी संकेतक की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















