करीब तीन किलोमीटर दंडवत करते हुए पहुंचे कलेक्ट्रेट, जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
कोरबा। जिले की सड़कों पर आवारा मवेशियों की मौजूदगी से होने वाली दुर्घटनाओं और दुधारू पशुओं की मौत की घटनाओं को लेकर अब सामाजिक स्तर पर आवाज उठाई गई है। गोवंश संरक्षण और सड़क हादसों पर रोक लगाने की मांग को लेकर योगेश जायसवाल एवं उनके सहयोगियों ने करीब तीन किलोमीटर की दंडवत यात्रा की। इसके बाद रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया।
दंडवत यात्रा के दौरान योगेश जायसवाल और उनके सहयोगी सड़क पर दंडवत करते हुए आगे बढ़े। उनके साथ अन्य लोग भी रैली में शामिल हुए। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने हाथों में गोवंश संरक्षण और सड़क सुरक्षा से जुड़े पोस्टर लेकर प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित किया।
मवेशियों की वजह से हादसों का मुद्दा उठाया
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सड़कों पर खुले में घूमते मवेशियों के कारण वाहन चालकों को लगातार दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उनके अनुसार, कई मामलों में वाहन चालक हादसों में घायल होते हैं, वहीं मवेशी भी गंभीर रूप से घायल होने अथवा मौत का शिकार हो जाते हैं।
कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए सड़कों पर मवेशियों की आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मवेशियों को सड़कों से हटाने के साथ उनके संरक्षण और सुरक्षित रखने की स्थायी व्यवस्था की जानी चाहिए।
योगेश जायसवाल और उनके सहयोगियों ने प्रशासन से सड़क दुर्घटनाओं को रोकने तथा दुधारू पशुओं की सुरक्षा के लिए ठोस एवं स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















