आजन नदी में डूबने से ग्रामीण की मौत, छह घंटे बाद मिला शव

डोंगा नहीं मिलने पर तैरकर नदी पार करते समय हुआ हादसा

कोरबा। जिले के आजन नदी स्थित दही घाट पर सोमवार सुबह नदी पार करते समय एक 50 वर्षीय ग्रामीण की डूबने से मौत हो गई। करीब छह घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद जिला नगर सेना की टीम ने शाम चार बजे उसका शव बरामद किया। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

मृतक की पहचान ग्राम पंचायत बुढ़ापारा, चौकी कोरबी निवासी पन्नालाल यादव (50) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, उसका घर नदी के दोनों किनारों पर है। वह एक ओर रहता था, जबकि दूसरी ओर उसके मवेशी रखे हुए थे।

रोजाना की तरह वह नदी पार कर मवेशियों को चराने और उनकी देखभाल करने जाता था। इसके लिए वह कभी डोंगा (छोटी नाव) तो कभी तैरकर नदी पार करता था।

सोमवार सुबह करीब 10 बजे पन्नालाल दही घाट पहुंचा। उस समय घाट पर डोंगा उपलब्ध नहीं था। ऐसे में वह तैरकर नदी पार करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह नदी के बीच धारा तक पहुंचा ही था कि अचानक डूबने लगा और देखते ही देखते पानी में समा गया। शुरुआत में लोगों को लगा कि वह रोज की तरह नदी पार कर दूसरी ओर चला गया होगा, लेकिन काफी देर तक उसके दिखाई नहीं देने पर अनहोनी की आशंका हुई।

ग्रामीणों ने तत्काल कोरबी चौकी पुलिस को सूचना दी।

पुलिस मौके पर पहुंची और जिला नगर सेना की रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। टीम ने मोटर बोट की मदद से नदी में तलाश अभियान शुरू किया। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद शाम चार बजे पन्नालाल का शव बरामद किया गया।

कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार योगी ने बताया कि शव बरामद कर लिया गया है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पंचनामा कार्रवाई के बाद आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।