सामान्य दिनों की तुलना में बिजली खपत में बड़ा उछाल, सेंट्रल सेक्टर से पूरी की गई अतिरिक्त मांग; 50.1 हर्ट्ज पर स्थिर रही ग्रिड फ्रीक्वेंसी
कोरबा। दीपावली के पर्व पर छत्तीसगढ़ में बिजली की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। रोशनी और आकर्षक सजावट के चलते राज्य में बिजली की अधिकतम मांग बढ़कर 4739 मेगावाट तक पहुंच गई। सामान्य दिनों में प्रदेश की औसत बिजली मांग लगभग 3500 से 4000 मेगावाट के बीच रहती है। मांग में अचानक आए इस उछाल के बावजूद बिजली विभाग की बेहतर प्रबंधन व्यवस्था के चलते पूरे प्रदेश में निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनी रही। अतिरिक्त बिजली की जरूरत सेंट्रल सेक्टर से पूरी की गई।

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार दीपावली के दौरान राज्य की अनस्ट्रिक्टेड डिमांड (बिना किसी कटौती के आवश्यक बिजली मांग) 4739 मेगावाट दर्ज की गई, जबकि कुल उपलब्ध बिजली क्षमता 4798 मेगावाट रही। इस दौरान सेंट्रल सेक्टर से निर्धारित 2398 मेगावाट के शेड्यूल के मुकाबले 2338 मेगावाट बिजली का उपयोग किया गया। यानी निर्धारित आवंटन से 60 मेगावाट कम बिजली ली गई।
बढ़ी मांग के बावजूद ग्रिड की स्थिति रही सामान्य
बिजली की मांग में तेजी आने के बावजूद पश्चिमी क्षेत्र की ग्रिड पूरी तरह सुरक्षित और स्थिर बनी रही। ग्रिड की फ्रिक्वेंसी 50.1 हर्ट्ज दर्ज की गई। वहीं बिजली आपूर्ति में विचलन से संबंधित डेविएशन चार्ज भी शून्य रहा। इससे स्पष्ट हुआ कि अधिक मांग के दौरान भी विद्युत प्रणाली पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ा।
बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार दीपावली के दौरान घरों, बाजारों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर रोशनी एवं सजावट के लिए अधिक बिजली का उपयोग किया गया। इसके मद्देनजर बिजली कंपनियों ने पहले से ही आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की थीं।
ठंड के कारण बिजली मांग में सीमित बढ़ोतरी
नवंबर में मौसम में ठंडक बढ़ने के कारण एयर कंडीशनर और कूलर का उपयोग कम हो जाता है। पंखों का इस्तेमाल भी अपेक्षाकृत घट जाता है। इसका असर बिजली की कुल मांग पर पड़ता है। सामान्य दिनों में प्रदेश की बिजली मांग 3500 से 4000 मेगावाट के आसपास रहती है, जबकि दीपावली पर यह 4700 मेगावाट के पार पहुंच गई।
मौसम में ठंडक के चलते बिजली की मांग में गर्मियों जैसी तेजी नहीं आई और नवंबर में मांग 5000 मेगावाट के भीतर ही सीमित रही। दीपावली के दौरान बढ़ी खपत के बावजूद निर्बाध बिजली आपूर्ति बने रहना विद्युत प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि रही।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
