दीपका-पाली मार्ग पर खड़े ट्रक से टकराई बाइक, दो युवकों की दर्दनाक मौत

गांधीनगर के पास भीषण हादसे के बाद भड़का ग्रामीणों का आक्रोश, सात घंटे तक चक्काजाम कर एसईसीएल प्रबंधन से मांगा स्थायी समाधान

कोरबा। दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर गांधीनगर के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से तेज रफ्तार बाइक जा टकराई। इस भीषण हादसे में बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे ने क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।

दो युवकों की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने एसईसीएल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। ग्रामीणों ने दीपका- पाली मार्ग पर करीब सात घंटे तक चक्काजाम कर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क चौड़ीकरण, नियमित पानी छिड़काव और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की मांग करते हुए कहा कि इन समस्याओं के कारण मार्ग पर लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

ग्रामीणों के मुताबिक, क्षेत्र में कोयला परिवहन करने वाले भारी वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। कई ट्रक सड़क किनारे खड़े रहते हैं, जिससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित होता है। रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने और सड़क पर उड़ती कोयले की धूल के कारण वाहन चालकों को सामने की स्थिति स्पष्ट दिखाई नहीं देती। ग्रामीणों का आरोप है कि इन समस्याओं को लेकर कई बार एसईसीएल प्रबंधन का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई।

सात घंटे के विरोध के बाद बनी सहमति
चक्काजाम के दौरान एसईसीएल अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच बातचीत हुई। ग्रामीणों ने क्षेत्र की समस्याओं को रखते हुए सड़क चौड़ीकरण, धूल से राहत के लिए नियमित पानी छिड़काव तथा प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग दोहराई। अधिकारियों के साथ चर्चा के बाद रात करीब एक बजे चक्काजाम समाप्त किया गया।

दो युवकों की मौत की इस घटना ने दीपका-पाली मार्ग पर कोयला परिवहन व्यवस्था, भारी वाहनों की पार्किंग और यातायात सुरक्षा की खामियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि केवल हादसे के बाद आश्वासन देने से समस्या का समाधान नहीं होगा।

एसईसीएल प्रबंधन को इन समस्याओं पर ठोस और स्थायी कदम उठाने होंगे, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह का दुख न झेलना पड़े।