कोतवाली का नया भवन लोकार्पित, ई-मालखाना हुआ शुरू

उद्योग मंत्री देवांगन और आईजी गर्ग वर्चुअली जुड़े, डिजिटल रिकॉर्ड से अब आसानी से तलाश होगा जब्त माल

कोरबा। थाना सिटी कोतवाली परिसर में नवीन थाना भवन का लोकार्पण एवं ई-मालखाने का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन एवं बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग वर्चुअल माध्यम से जुड़े और नवीन थाना भवन का लोकार्पण किया। नवीन भवन का निर्माण छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के सहयोग से किया गया है। भवन में आधुनिक पुलिसिंग की आवश्यकताओं के अनुरूप विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

31 साल पुराने भवन की जगह तैयार हुआ नया थाना

लोकार्पण समारोह में बताया गया कि सिटी कोतवाली का पुराना भवन करीब 31 वर्ष पहले निर्मित हुआ था। समय के साथ पुलिसिंग की जरूरतों में बदलाव और बढ़ती आवश्यकताओं को देखते हुए नए भवन की जरूरत महसूस की जा रही थी। इसी के मद्देनजर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नवीन थाना भवन तैयार किया गया है।

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि नवीन थाना भवन और ई-मालखाने से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा। तकनीक आधारित व्यवस्थाओं से पुलिसिंग में सुविधा के साथ पारदर्शिता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

आईजी बिलासपुर रामगोपाल गर्ग ने कहा कि आधुनिक पुलिस अधोसंरचना के साथ ई-मालखाना जैसी तकनीकी व्यवस्थाएं पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

डिजिटल रिकॉर्ड से आसानी से मिलेगा जब्त माल

सिटी कोतवाली के ई-मालखाने को आधुनिक स्वरूप दिया गया है। यहां प्रकरणों से संबंधित माल-मशरूका का कंप्यूटर सॉफ्टवेयर के माध्यम से डिजिटल रिकॉर्ड तैयार कर अपडेट किया गया है। मालखाने में रखे सामान को क्रमबद्ध तरीके से व्यवस्थित करने के साथ प्रत्येक वस्तु की आवश्यक मार्किंग एवं पहचान सुनिश्चित की गई है।

पुलिस के अनुसार, पहले पुराने प्रकरणों में जब्त माल-मशरूका को लंबे समय बाद तलाश करने में कठिनाई होती थी। अब सॉफ्टवेयर में संबंधित माल का रिकॉर्ड उपलब्ध रहने से जरूरत पड़ने पर उसे आसानी से खोजा जा सकेगा। इससे जब्त माल के सुरक्षित संधारण, रिकॉर्ड प्रबंधन और त्वरित खोज में सुविधा होगी तथा विवेचना एवं न्यायालयीन कार्यवाही के दौरान आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने में भी सहूलियत मिलेगी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी, रेडक्रॉस सोसायटी अध्यक्ष रामसिंह अग्रवाल, नूतन सिंह ठाकुर, रुक्मणी नायर, नरेंद्र देवांगन, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, कोतवाली प्रभारी प्रेमचंद साहू सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।