शिक्षादान की मुहिम में आगे आया भारत विकास परिषद

शिक्षा रथ को भेंट की कॉपियां और अध्ययन सामग्री, जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई में सहयोग का लिया संकल्प

कोरबा। जरूरतमंद बच्चों तक शिक्षा की आवश्यक सामग्री पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में संचालित शिक्षा रथ अभियान को आम लोगों और सामाजिक संगठनों का लगातार सहयोग मिल रहा है। शिक्षा रथ के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर जरूरतमंद एवं वंचित बच्चों के लिए कॉपी, किताबें और अन्य शिक्षण सामग्री एकत्र की जा रही है।

इसी क्रम में भारत विकास परिषद, कोरबा शाखा ने शिक्षा रथ के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज कराते हुए बड़ी संख्या में कॉपियां एवं अध्ययन सामग्री भेंट की। संस्था के प्रतिनिधियों ने शिक्षा रथ के पास पहुंचकर जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग की भावना से सामग्री प्रदान की।

समाज की भागीदारी से मजबूत होगी पहल
भारत विकास परिषद के सदस्यों ने कहा कि शिक्षा रथ के माध्यम से दूर-दराज क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद बच्चों तक पठन-पाठन की सामग्री पहुंचाना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देना चाहिए।

इस अवसर पर भारत विकास परिषद के प्रमुख कार्यकर्ता एवं सदस्य महेश गुप्ता, मोहन अग्रवाल, प्रमोद पांडेय, कमलेश यादव, विष्णु शंकर मिश्रा सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

शिक्षा रथ अभियान के माध्यम से जुटाई जा रही सामग्री को जरूरतमंद एवं वंचित छात्र-छात्राओं तक पहुंचाया जाएगा, ताकि आर्थिक संसाधनों के अभाव में किसी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित न हो।