123 गिरफ्तारी वारंट तामील, 22 स्थायी वारंटी गिरफ्तार; 190 आरोपी पकड़े गए, 72 पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई
कोरबा। गणेशोत्सव एवं विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने जिलेभर में ‘ऑपरेशन आघात’ चलाकर अपराधियों और संदिग्ध तत्वों पर शिकंजा कसा। विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 400 से अधिक आपराधिक तत्वों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार गणेशोत्सव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में विशेष निगरानी और कार्रवाई की गई। अभियान के तहत लंबे समय से फरार वारंटियों की तलाश करते हुए 123 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। वहीं 22 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें वर्ष 2014 से लंबित स्थायी वारंट सहित पुराने मामलों में भी कार्रवाई की गई।
190 आरोपी गिरफ्तार
अभियान के दौरान विभिन्न अपराधों में संलिप्त 190 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें महिला संबंधी अपराधों में शामिल आरोपी भी शामिल हैं। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
हुड़दंगियों पर भी कार्रवाई
गणेशोत्सव के दौरान सार्वजनिक शांति भंग करने और अलग-अलग तरीके से हुड़दंग मचाने वालों पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। ऐसे 72 व्यक्तियों के विरुद्ध गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा गणेश उत्सव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका वाले व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि गणेशोत्सव और विसर्जन कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए अभियान के तहत निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















