एचटीपीएस में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया करमा उत्सव

मांदर की थाप पर थिरके कदम, रातभर चला करमा नृत्य; सुबह सरोवर में करम डार का किया विसर्जन

कोरबा। एचटीपीएस कोरबा पश्चिम में प्रकृति और लोकपरंपरा से जुड़े करमा पर्व को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। आवासीय कॉलोनी स्थित मंगल भवन में आयोजित कार्यक्रम में करम डार की विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा परिवार एवं संस्थान की उन्नति की कामना की गई। इसके बाद मांदर की थाप पर हुए करमा नृत्य ने देर रात तक समां बांधे रखा।

भादो माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक एच.के. सिंह एवं श्रीमती रुक्मणी सिंह तथा विशिष्ट अतिथि कारखाना प्रबंधक ए.के. शाह एवं श्रीमती विजया शाह ने करम सेमी डार की पूजा-अर्चना कर किया।

लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
पूजा-अर्चना के बाद करमा उत्सव में मांदर की थाप गूंज उठी। उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से करमा नृत्य कर लोकपरंपरा और संस्कृति का उत्सव मनाया। वहीं वनवासी कन्या छात्रावास की छात्राओं ने छत्तीसगढ़ी गीत पर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।

कार्यक्रम के दौरान कार्यपालक निदेशक एच.के. सिंह ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने करमा पर्व को प्रकृति, लोकसंस्कृति और सामुदायिक सहभागिता से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व बताया।

सुबह सरोवर में किया गया विसर्जन
मंगल भवन में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम रातभर चला। करमा नृत्य एवं अन्य कार्यक्रमों के बाद सुबह करीब 9 बजे करम सेमी डार का कैलाश विहार स्थित सरोवर में विधिवत विसर्जन किया गया।

करमा उत्सव के आयोजन में सर्व समाज करमा महोत्सव समिति के संरक्षक पंचम लाल राठौर, अध्यक्ष अरुण दास वैष्णव, उपाध्यक्ष के.के. गौतम, नत्थूलाल यादव, कृष्णा जगत, समेलाल गोंड, शिव चरण साहू, बाबूलाल चंद्रा, दुखुराम साहू, राम लखन राठौर, रामधन राठौर, कुमार सिंह सहित समिति के सदस्यों एवं अन्य लोगों का सहयोग रहा।