घर से ही चार प्रकार के कचरे को अलग करना जरूरी : मोनिका सिंह

पाली ब्लॉक के चार गांवों में स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण,डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और स्रोत पर पृथक्करण को प्रभावी बनाने पर जोर

कोरबा/पाली । ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और कचरा प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए अब घर से ही कचरे का पृथक्करण जरूरी होगा। इसी उद्देश्य से राज्य स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), रायपुर की राज्य सलाहकार एवं बिलासपुर संभाग प्रभारी मोनिका सिंह ने 25 सितंबर को पाली ब्लॉक की ग्राम पंचायत दमिया, मादन, माखनपुर और धौराभांठा (तेंदुभांठा) का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्राम पंचायतों में संचालित ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (SLWM) कार्यों तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्वच्छाग्रही दीदियों और ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कहा कि गांवों को स्वच्छ और ग्रामीणों को स्वस्थ रखने के लिए कचरे को चार श्रेणियों गीला कचरा, सूखा कचरा, सेनेटरी कचरा और विशेष देखभाल वाले कचरे में घर से ही अलग करना जरूरी है।

डोर-टू-डोर कलेक्शन पर जोर
मोनिका सिंह ने स्वच्छ एवं कचरा मुक्त ग्राम बनाने के लिए ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी दी। घर-घर कचरा संग्रहण में लगे स्वच्छाग्रही समूहों के सदस्यों को नियमित रूप से डोर-टू-डोर कलेक्शन, स्रोत पर कचरा पृथक्करण और स्वच्छता शुल्क के महत्व के बारे में मार्गदर्शन दिया गया।

उन्होंने कहा कि कचरे को शुरुआत में ही अलग-अलग करने से उसके उचित निस्तारण और पुनर्चक्रण की प्रक्रिया आसान होगी तथा गांवों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकेगा।

सरपंच-सचिवों को दिए निर्देश
ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिवों को ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति लगातार जागरूक करने तथा निर्धारित स्थान पर ही कचरा निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। नियमों का पालन नहीं करने वालों को पहले समझाइश देने और आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार जुर्माना लगाने के संबंध में भी निर्देशित किया गया।

ग्रामीणों को नियमित रूप से स्वच्छता शुल्क का भुगतान करने तथा ग्राम में निर्मित सामुदायिक शौचालय का नियमित उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत पाली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मोहनीश देवांगन,जिला समन्वयक विमल धीरहि,जिला सलाहकार स्वच्छ भारत मिशन(ग्रामीण) दीप सरकार,क्लस्टर कोऑर्डिनेटर पाली श्याम प्रकाश सिंह, एसबीएम ब्लॉक समन्वयक कटघोरा,बीपीएम एनआरएलएम सत्य प्रकाश जायसवाल सहित जनपद पंचायत की टीम मौजूद रही।

इसके अलावा संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंच, सचिव, रोजगार सहायक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, बिहान समूह की महिलाएं, स्वच्छाग्रही और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।