स्काउट्स-गाइड्स का दो दिवसीय कब-बुलबुल उत्सव संपन्न, 200 छात्र पहली बार आवासीय शिविर में शामिल

कोरबा। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स कोरबा द्वारा दो दिवसीय कब-बुलबुल उत्सव का आयोजन छत्तीसगढ़ पब्लिक स्कूल, झाबर दीपका में किया गया। इस शिविर में लगभग 200 छात्रों ने पहली बार आवासीय शिविर का अनुभव लेते हुए कब-बुलबुल के सिद्धांत “कोशिश करो” को आत्मसात किया।

शिविर के दौरान छात्रों को ध्वज शिष्टाचार, बड़ी सलामी, विशाल गर्जना, टोली विभाजन, कलरव, लाल फूल, बुलबुल ग्रीटिंग, जंगल बुक तथा पक्षियों के गीत जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, सहयोग, नेतृत्व और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित की गई।

ग्रैंड कैंप फायर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला आयुक्त ताम्रेश्वर उपाध्याय थे। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि कब-बुलबुल उत्सव छात्रों को खेल-खेल में मूल्य आधारित शिक्षा प्रदान करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने इस तरह के शिविरों को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला मुख्य आयुक्त मोहम्मद सादिक शेख ने की। विशिष्ट अतिथियों में जिला आयुक्त डॉ. फरहाना अली, मनोरा लकड़ा, अक्षय दुबे, गनेशी सोनकर और उत्तरा मानिकपुरी उपस्थित रहीं। समापन समारोह में नगर निरीक्षक दीपका प्रेमचंद साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए तथा प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए।