नैनो उर्वरक से किसानों की बढ़ी आय, कम लागत में मिल रहा बेहतर उत्पादन

आधुनिक खेती को मिल रहा बढ़ावा,किसान गणेश सिंह ने साझा किए सकारात्मक अनुभव

कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती से जोड़ने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। खेती को अधिक लाभकारी, किफायती और पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से नैनो उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसका सकारात्मक असर अब किसानों की आय और उत्पादन पर भी दिखाई देने लगा है।

कोरबा जिले के करतला विकासखंड के ग्राम रंगबेल निवासी किसान गणेश सिंह आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर बेहतर परिणाम प्राप्त कर रहे हैं। लगभग पांच एकड़ भूमि में धान की खेती करने वाले गणेश सिंह ने पिछले वर्ष अपनी फसल में नैनो डीएपी और नैनो यूरिया का प्रयोग किया, जिससे उन्हें बेहतर फसल वृद्धि, संतुलित पोषण और कम लागत में अधिक उत्पादन मिला।

किसान गणेश सिंह का कहना है कि बदलते समय में आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाना आवश्यक है। उनके अनुसार नैनो उर्वरकों के उपयोग से रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम होती है, लागत और श्रम दोनों में बचत होती है तथा पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है। उन्होंने अन्य किसानों से भी वैज्ञानिक खेती अपनाकर नैनो उर्वरकों का उपयोग करने की अपील की है।

कृषि विभाग का मानना है कि नैनो उर्वरकों के व्यापक उपयोग से खेती की लागत कम होने के साथ किसानों की आमदनी बढ़ेगी और टिकाऊ कृषि प्रणाली को भी मजबूती मिलेगी।