नशे में वाहन चलाने वालों पर कोरबा पुलिस का शिकंजा, एक दिन में 20 चालकों पर कार्रवाई
कोरबा।सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कोरबा पुलिस द्वारा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘सजग कोरबा-सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत जिले के सभी थाना एवं यातायात इकाइयों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 20 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की।
विशेष जांच अभियान के दौरान जिले के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर ब्रेथ एनालाइजर की सहायता से वाहन चालकों की जांच की गई। इस दौरान 8 चारपहिया और 12 दोपहिया वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए। सभी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर प्रकरण न्यायालयीन प्रक्रिया के लिए भेजे गए हैं।
पुलिस के अनुसार 1 जनवरी 2026 से अब तक कुल 1143 वाहन चालकों पर नशे में वाहन चलाने के मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और यातायात अनुशासन को मजबूत करना है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं। यदि किसी समारोह में नशा किया हो तो स्वयं वाहन चलाने के बजाय चालक, टैक्सी अथवा अन्य सुरक्षित परिवहन का उपयोग करें। साथ ही हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा नशे में वाहन चलाने वालों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की भी अपील की गई है।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

