जमीन और शेयर मार्केट में ढाई गुना मुनाफे का लालच देकर 1.88 करोड़ की ठगी, पिता-पुत्र गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा।शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम बिलारी में जमीन खरीद-बिक्री और शेयर मार्केट में भारी मुनाफा दिलाने के नाम पर 1.88 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले पिता-पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भूपेंद्र साहू (48 वर्ष) और उसके पुत्र हिरेंद्र साहू (21 वर्ष), दोनों निवासी बिलारी के रूप में हुई है।

पीड़ित राजेश कुमार साहू ने शिकायत में बताया कि भूपेंद्र साहू से पुरानी जान-पहचान होने के कारण उसने विश्वास कर लिया। आरोपियों ने दावा किया कि वे जमीन का कारोबार करते हैं और हिरेंद्र शेयर मार्केट में निवेश कर अच्छा खासा मुनाफा कमा रहा है। उन्होंने लालच दिया कि निवेश की गई राशि मात्र 25 महीनों में ढाई गुना होकर वापस मिल जाएगी।

इस झांसे में आकर पीड़ित ने वर्ष 2023 से 2024 के बीच कुल 1 करोड़ 88 लाख रुपये आरोपियों को दिए, जिसमें करीब 55 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर और शेष 1.33 करोड़ रुपये नकद दिए गए।

जब पीड़ित ने अपना मूलधन और मुनाफा वापस मांगा तो आरोपी टालमटोल करने लगे। जांच में पता चला कि ठगी की इसी राशि से आरोपियों ने अपने लिए नया मकान और वाहन खरीदे थे।

शिकायत मिलने पर शिवरीनारायण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर दोनों को बिलारी गांव से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पिता-पुत्र ने पूरी ठगी की बात कबूल कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से एक लैपटॉप, मोबाइल फोन और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं।

पुलिस ने धोखाधड़ी एवं आपराधिक विश्वासघात के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में निवेश के नाम पर ठगी की ऐसी घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।