कोरबा के पंतोरा मुख्य मार्ग पर सोमवार दोपहर लगभग 12 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। भारतमाला परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़क पर एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गया और पलट गया। हादसे में वाहन में सवार पांच कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को तत्काल कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां 28 वर्षीय मुकेश कुमार की मौत हो गई, जबकि चार घायल कर्मचारियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की प्रारंभिक जांच में पता चला कि भारतमाला रोड पर अलग-अलग ठेका कंपनियों का काम चल रहा है। इसी क्रम में जीआरआईएल (GRIL) बलौदा कंपनी द्वारा डिवाइडर पट्टी का निर्माण किया जा रहा है। काम पर जाने के लिए पिकअप में पाँच कर्मचारी सवार थे। तेज रफ्तार के कारण वाहन सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकराया और पलट गया। मृतक मुकेश कुमार मूलतः शाहपुरा, राजस्थान का रहने वाला बताया जा रहा है।
नेशनल हाईवे पर कार्यरत कर्मचारी राम कैलाश (निवासी: यूपी) ने बताया कि हादसे के बाद सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मुकेश को मृत घोषित कर दिया। घायलों को आईसीयू में भर्ती किया गया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे राजस्थान से रवाना हो चुके हैं।
परिजनों के आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी। शव को जिला मेडिकल कॉलेज के शवगृह में सुरक्षित रखा गया है।
पंतोरा थाना प्रभारी बसंत कुमार साव ने बताया कि हादसे में एक की मौत और चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
वहीं जिला अस्पताल चौकी प्रभारी विश्व नारायण चौहान ने कहा कि मेडिकल कॉलेज से मेमो प्राप्त हुआ है। परिजनों के आने के बाद बयान दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















