कोरबा वनमंडल के करतला वन परिक्षेत्र में बीते पखवाड़े से 38 हाथियों का झुंड लगातार विचरण कर रहा है। हाथियों पर निगरानी के लिए रामपुर सर्किल में वनपाल चमरू सिंह कंवर और बीट गार्ड गजाधर सिंह राठिया की ड्यूटी लगाई गई थी। रविवार की रात दोनों कर्मचारी गश्त पर निकले थे कि इसी दौरान उन्हें मुड़धोवा पतरा, ग्राम जोगीपाली (कक्ष क्रमांक OA 1464) में अवैध कटाई की सूचना मिली।
सूचना पर मौके पर पहुंचने पर वन अधिकारियों को जंगल की ओर से आ रहे एक ट्रैक्टर पर शक हुआ। ट्रैक्टर रोककर तलाशी लेने पर ट्राली में तीन नग साल के लट्ठे लोड मिले। ट्रैक्टर में जोगीपाली निवासी मनाराम पटेल, अंकुश पटेल सहित 8-10 लोग सवार थे।
लकड़ी पकड़े जाने पर तस्करों ने वनकर्मियों से विवाद शुरू कर दिया और उनके मोबाइल फोन लूट लिए। इसके बाद लाठी, डंडा, कुल्हाड़ी और हाथ-मुक्कों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
हमलावरों ने वनपाल और बीट गार्ड को जबरन वाहन में बैठाकर गांव ले जाया, जहां उनके परिजनों और 20–25 लोगों की भीड़ जुटाकर दोबारा मारपीट की गई। उनकी वर्दी तक फाड़ डाली गई।
किसी तरह डिप्टी रेंजर वहां से भागने में सफल हुए, लेकिन तस्करों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया और निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटा। पूरी घटना से वन विभाग में भारी आक्रोश है।
पीड़ित कर्मचारियों की शिकायत पर करतला थाने में मामला दर्ज किया गया है।
डीएफओ प्रेमलता यादव ने बताया कि पीड़ितों के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर एसपी व डीएफओ को ज्ञापन सौंपा जाएगा। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं होती है तो उग्र आंदोलन भी किया जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















