कोरबा। दीपका पुलिस ने कोयलांचल क्षेत्र में फैले चोरी के मामलों पर बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोर गिरोह के 7 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई में 14 चोरी की मोटर साइकिलें और एसईसीएल के 6 रोलर बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत लाखों में बताई जा रही है। गिरोह का मुख्य आरोपी 10 प्रकरणों में पहले से ही नामजद था और पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी।
दीपका थाना क्षेत्र के सोमवारी बाजार, एसईसीएल साइलो स्टैंड, एमटीके 1-2, अस्पताल और बस स्टैंड क्षेत्रों से लगातार बाइक चोरी होने की शिकायतें पुलिस को मिल रही थीं। होण्डा, हीरो और टीव्हीएस जैसे महंगे मॉडल चोरी होने से लोग परेशान थे। इसी दौरान एसईसीएल खदानों से रोलर गायब होने की सूचना भी प्रबंधन ने पुलिस को दी थी।
थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के नेतृत्व में संदिग्धों पर निगरानी रखी गई। पूछताछ के दौरान कई सुराग मिले, जिनके आधार पर चोरी गई 14 बाइक और 6 रोलर बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में जयसिंह पटेल (कोहडिया), अनस खान (पाली), शिवचरण (रैनपुर दीपका), रामप्रसाद रोहिदास (झाबर दीपका), लालजी यादव (चैनपुर दीपका), इमरान अंसारी (ज्योति नगर), और सुनील देवार (पारा बलौदा जांजगीर) शामिल हैं। आरोपियों ने दीपका और कुसमुंडा क्षेत्र से चोरी की वारदातें अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर जेल भेज दिया गया। दीपका पुलिस इससे पहले भी चोरी के कई मामलों में सफलता अर्जित कर चुकी है और लगातार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















