शहर में नो-एंट्री नियमों पर सख्ती, 73 वाहनों पर लॉक की कार्रवाई, ₹1,82,500 का जुर्माना

सीतामणी से महाराणा प्रताप चौक तक चला विशेष अभियान, नियम तोड़ने वाले भारी वाहनों पर कार्रवाई जारी

कोरबा। शहर में नो-एंट्री नियमों का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। सीतामणी चौक, पुराना बस स्टैंड, सेंट्रल वर्कशॉप, मुड़ापार रोड और महाराणा प्रताप चौक सहित विभिन्न मार्गों पर नो-एंट्री में प्रवेश करने वाले वाहनों पर व्हील लॉक लगाकर कार्रवाई की जा रही है।

यातायात पुलिस के अनुसार 1 जनवरी से 3 जुलाई तक 63 प्रकरणों में कार्रवाई की गई थी। वहीं शनिवार को 10 नए प्रकरण दर्ज किए गए। इस तरह अब तक कुल 73 वाहनों पर लॉक लगाने की कार्रवाई की जा चुकी है।

नो-एंट्री नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रत्येक वाहन पर 2,500 रुपये का जुर्माना लगाया जा रहा है।

यह अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश ठाकुर, डीएसपी ट्रैफिक डी.के. सिंह के निर्देशन में चलाया जा रहा है। कार्रवाई में एएसआई ईश्वरी लहरे, मनोज राठौर, प्रधान आरक्षक संतोष सिंह, लखन एवं राकेश साहू सहित यातायात पुलिस का अमला सक्रिय रूप से शामिल है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए नो-एंट्री नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।

अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।