कोरबा। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत धान खरीदी 15 नवंबर से औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। जिले की 49 समितियों के 65 उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए धान विक्रय की व्यवस्था की गई है। सहकारी समिति कर्मचारी संघ की हड़ताल के चलते इस वर्ष धान खरीदी का काम पटवारी, कृषि विभाग और सहकारिता निरीक्षकों के भरोसे कराया जा रहा है।
प्रशासन ने खरीदी प्रक्रिया को निर्बाध रखने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। कलेक्टर अजीत वसंत ने समीक्षा बैठक में स्पष्ट कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति धान खरीदी के कार्य में बाधा पहुंचाता है, तो उसके खिलाफ आपातकालीन सेवा संरक्षण अधिनियम (एस्मा) के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि फर्जी धान खरीदी किसी भी स्थिति में न हो, इसके लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए।
कलेक्टर ने नए कंप्यूटर ऑपरेटरों को एंट्री प्रक्रिया का प्रशिक्षण देने, गलत प्रविष्टि रोकने और शासन को वित्तीय नुकसान से बचाने पर जोर दिया। साथ ही किसानों को खरीदी केंद्रों में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिले में 56 हजार किसानों ने धान विक्रय के लिए पंजीयन कराया है, जबकि 30 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य रखा गया है। हाथी प्रभावित क्षेत्रों में धान खरीदी हेतु जारी डिलीवरी ऑर्डर (डीओ) के आधार पर ऐसे केंद्रों से धान के उठाव को प्राथमिकता देने को भी कहा गया है।
बैठक में अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, खाद्य अधिकारी जी.एस. कँवर, कृषि उप संचालक डी.पी.एस. कँवर, उप पंजीयक एम.आर. ध्रुव, सीसीबी नोडल सुशील जोशी तथा जिला विपणन अधिकारी ऋतुराज देवांगन उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















