विश्व मधुमेह दिवस पर नि:शुल्क चिकित्सा शिविर, 108 मरीजों ने कराई जांच

कोरबा। विश्व मधुमेह दिवस पर शुक्रवार को लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट और टाटा एआईए लाइफ ने संयुक्त रूप से निहारिका रोड स्थित पतंजलि चिकित्सालय में निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि पंतजलि युवा भारत छत्तीसगढ़ के राज्य संवाद प्रभारी संजय कुर्मवंशी समेत टाटा एआईए लाइफ के ब्रांच मैनेजर सुनील राठौर की अध्यक्षता में किया गया।

नाड़ीवैद्य डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा, डॉ. अनुराग शर्मा व उपस्थित लोगों ने भगवान धन्वंतरि और भारत माता की पूजा-अर्चना की। शिविर में 108 मरीजों ने पहुंचकर जांच कराई। जांच के साथ ही सभी को रक्त शर्करा परीक्षण, नेत्र परीक्षण, दंत परीक्षण सहित विभिन्न साध्य, असाध्य व कष्टसाध्य रोगों के लिए परामर्श दिया।

डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा ने मधुमेह रोगियों को आयुर्वेदानुसार आहार-विहार, दिनचर्या और ऋतुचर्या के बारे में मार्गदर्शन दिया।

उन्होंने मधुमेह नियंत्रण और इससे बचाव के लिए योगाभ्यास जैसे मण्डूकासन,शशकासन,पादहस्तासन,वक्रासन, मर्कटासन, प्राणायाम, भस्त्रिका, कपालभाति और अनुलोम-विलोम का व्यक्तिगत प्रशिक्षण भी दिया।