धान उपार्जन सीजन 2025 की शुरुआत: धनंजय ने बेचे 30 क्विंटल, किसान 3100 रुपये समर्थन मूल्य से उत्साहित

कोरबा। जिले के पाली ब्लाक मुख्यालय स्थित धान उपार्जन केन्द्र में सीजन 2025 की खरीदी का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष पाली अजय जायसवाल एवं एसडीएम पाली रोहित सिंह ने तौल कांटा की पूजा कर किया। केन्द्र के प्रथम किसान धनंजय कुमार ने 30 क्विंटल धान का विक्रय किया। प्रथम दिवस उनका स्वागत सत्कार किया गया।

मौके पर मौजूद अधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए सफल उपार्जन सत्र की कामना की। किसानों की सुविधा के लिए केंद्र में पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। सुगम प्रक्रिया और बेहतर प्रबंध देखकर किसानों ने संतोष और प्रसन्नता व्यक्त की। धान उपार्जन के शुभारंभ के साथ ही पाली क्षेत्र के किसानों में नए उत्साह, उमंग और राहत की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।

सरकार की नीति से खुश है उत्पादक
ग्राम भैसमा निवासी किसान बैदूराम ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष ढाई सौ क्विंटल धान की बिक्री की थी और इस वर्ष भी वे ग्राम भैसमा स्थित सोसायटी में लगभग 250 क्विंटल धान बेचने जा रहे हैं। किसान बैदूराम ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा किसानों के हित में 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान का समर्थन मूल्य निर्धारित करना एक बड़ा और सराहनीय निर्णय है। भैसमा के ही गोपाल सिंह कंवर ने पिछले वर्ष 140 क्विंटल धान का विक्रय किया था। इस वर्ष वे 165 क्विंटल धान बेचने की तैयारी में हैं।