वर्षों पुरानी जलभराव और गंदगी की समस्या से मिलेगी निजात

गोबरघोरा में 4.20 लाख की लागत से नाली निर्माण का भूमिपूजन, वार्डवासियों में हर्ष

कोरबा। नगर पालिका परिषद दीपका के वार्ड क्रमांक 1 गोबरघोरा में वर्षों पुरानी जलभराव और गंदगी की समस्या से अब राहत मिलने की उम्मीद है। वार्ड में 4 लाख 20 हजार रुपए की लागत से प्रस्तावित नाली निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन वार्ड पार्षद कमलेश जायसवाल की उपस्थिति में किया गया। भूमिपूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय निवासियों ने नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। नाली निर्माण की स्वीकृति मिलने पर वार्डवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए पार्षद और नगर पालिका प्रशासन के प्रति आभार जताया।

पार्षद कमलेश जायसवाल ने कहा कि वार्ड में पक्की नाली की व्यवस्था नहीं होने के कारण लंबे समय से घरों का निस्तारी पानी और बारिश का पानी सड़कों व खाली प्लॉटों में जमा हो जाता था। जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ बीमारियों का खतरा भी बना रहता था। इससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

उन्होंने कहा कि 4.20 लाख रुपए की लागत से बनने वाली व्यवस्थित नाली से जल निकासी की समस्या का काफी हद तक समाधान होगा। क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाना उनकी प्राथमिकता है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद वार्डवासियों को जलभराव और गंदगी से राहत मिलेगी।