वन विभाग और RCRS की टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू, पंचनामा के बाद कोटमीसोनार भेजा
कोरबा। बारिश के बीच हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ने से वन्यजीवों की गतिविधियां भी बढ़ गई हैं। शनिवार सुबह ग्राम तरदा में एक ग्रामीण के घर के पास करीब 4.5 फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग और RCRS (Reptile Care and Rescuer Society) की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक मगरमच्छ का रेस्क्यू किया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 6 बजे तरदा निवासी थिरत राम मांझी घर के आसपास मौजूद थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत में मौजूद एक बड़े जीव पर पड़ी।
कम रोशनी के कारण पहली नजर में उन्हें यह अजगर जैसा लगा, लेकिन ध्यान से देखने पर मगरमच्छ होने की जानकारी हुई। ग्रामीणों ने बिना उसके करीब गए तत्काल वन विभाग को सूचना दी।
हसदेव नदी का बढ़ा जलस्तर बना वजह
लगातार बारिश के कारण हसदेव नदी और आसपास के जलस्रोतों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि मगरमच्छ पानी के बहाव के साथ अपने सामान्य क्षेत्र से निकलकर खेत और आबादी के करीब पहुंचा होगा। वन विभाग ने भी ग्रामीणों को ऐसे समय में जलस्रोतों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
वन विभाग और RCRS ने संभाला मोर्चा
वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव के निर्देश एवं उप वनमंडलाधिकारी सूर्यकांत सोनी के मार्गदर्शन में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। RCRS अध्यक्ष अविनाश यादव के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम को भी बुलाया गया। रेस्क्यू अभियान में करतला रेंजर अक्ष ऋषि, कपिल कवि, परिसर रक्षक सैंडल, दीपक कुजूर, महोरा, के.पी. सिदार सहित RCRS टीम के सदस्य मानस और सर्पमित्र जितेन्द्र सारथी शामिल रहे।
टीम ने पहले आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित किया और ग्रामीणों को मगरमच्छ से दूरी बनाए रखने की समझाइश दी। इसके बाद आवश्यक सुरक्षा उपायों के साथ मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया गया।
पंचनामा के बाद कोटमीसोनार भेजा
रेस्क्यू के बाद वन विभाग ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके पश्चात मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से कोटमीसोनार भेज दिया गया। रेस्क्यू के दौरान किसी ग्रामीण या टीम के सदस्य को चोट नहीं आई। मगरमच्छ के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
वन्यजीव दिखे तो न जाएं करीब
वन विभाग और RCRS ने ग्रामीणों से अपील की है कि बारिश के मौसम में सांप, मगरमच्छ अथवा अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर उनके करीब न जाएं और उन्हें पकड़ने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास न करें। भीड़ इकट्ठा करने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए तत्काल वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
रेस्क्यू हेल्पलाइन:
अविनाश यादव (RCRS): 9827917848, 9009996789, 7987957958
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
