हाई रिस्क प्रेग्नेंसी व जटिल मामलों में सीएचसी पोड़ी-उपरोड़ा में जल्द ऑपरेशन सुविधा: डीएम अजीत वसंत की समीक्षा बैठक में घोषणा

कोरबा। कोरबा जिले के आदिवासी बाहुल्य पोड़ी-उपरोड़ा के सीएचसी में सुविधाएं बढ़ाई जा रही है। यहां हाई रिस्क प्रेंग्नेंसी सहित अन्य जटिल मामलों को अब रेफर करने के बजाय मौके पर ही ऑपरेशन की प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। यहां पर ऑपरेशन थिएटर में सुविधाएं जल्द शुरू की जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में डीएम अजीत वसंत ने यह घोषणा की। स्वास्थ्य अधिकारियों को इस बारे में निर्देशित किया गया।बैठक में कलेक्टर ने जिले में टीबी-कुष्ठ उन्मूलन, सिकलसेल जॉच,एचआरपी,मातृ स्वास्थ्य,प्रसव शिशु स्वास्थ्य,टीकाकरण,परिवार कल्याण,आयुष, आरबीएसके, एनआरसी सहित विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों एवं विभागीय कार्याे की प्रगति की जानकारी ली।  


कलेक्टर ने टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए अनिवार्य रूप से लक्ष्यपूर्ति करने के निर्देश दिए। इस हेतु फील्ड पर  स्क्रीनिंग, सैंपल कलेक्ट करने एवं जांच करने का कार्य गम्भीरता से पूर्ण करने के लिए कहा। उन्होंने इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नही बरतने के निर्देश सभी अधिकारियों को दिए। जिले में निजी चिकित्सालयों में नर्सिगं होम एक्ट के पालन सुनिश्चित करने एवं  आयुष्मान में फर्जी क्लेम की जांच करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं में एचआरपी पर सतत निगरानी बनाएं रखें। साथ ही स्वास्थ्य कर्मचारियों के माध्यम से एएनसी रजिस्ट्रेशन, सुरक्षित प्रसव,प्रसव उपरांत शिशुवती माताओं की देखभाल की पूरी प्रक्रिया पर पूर्ण निगरानी रखने की बात कही। उन्होंने सभी स्वास्थ्य केंद्रों में निर्धारित लक्ष्य अनुसार संस्थागत प्रसव  सुनिश्चित कराने निर्देशित किया।

कलेक्टर ने कोरबा के उप स्वास्थ्य केंद्र उरगा एवं पाली ब्लॉक के उप स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी में संस्थागत प्रसव की उपलब्धि शून्य होने के कारण दोनों केंद्रों के सीएचओ को नोटिश जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी कर्मचारियों पर कड़ी कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया।

एनआरसी की समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी केंद्रों में 100 प्रतिशत बेड आक्यूपेंसी सुनिश्चित करने के लिए कहा।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिनेश नाग, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस एन केसरी,जिला कार्यक्रम प्रबंधक पद्माकर शिंदे, जिला टीबी एवं कुष्ठ अधिकारी,जिला टीकाकरण अधिकारी,समस्त नोडल अधिकारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम, शहरी कार्यक्रम प्रबंधक, समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारी,समस्त विकासखण्ड कार्यक्रम प्रबंधक सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित थे।