बीमा सखी योजना से कैरियर की राह तलाशतीं केएन कॉलेज छात्राएं: एलआईसी ने दी जानकारी, 18 से 70 वर्ष तक मौका

कोरबा। प्रधानमंत्री बीमा सखी योजना के तहत युवतियां एवं महिलाएं आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में कदम बढ़ा सकती हैं। कामता नेहरू (केएन) महाविद्यालय में एलआईसी ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में छात्राओं को योजना की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई के साथ-साथ जॉब ओरिएंटेशन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। छात्राओं को ऐसे अवसरों का लाभ उठाना चाहिए।

एलआईसी कोरबा के सहायक शाखा प्रबंधक ललित कुर्रे एवं विकास अधिकारी विनीता एक्का ने मार्गदर्शन करते हुए बताया कि योजना में फुल टाइम या पार्ट टाइम आधार पर आय अर्जित की जा सकती है। उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विशेष प्रशिक्षण एवं पुरस्कार भी मिलते हैं।

सबसे खास बात यह है कि इसमें आयु सीमा 18 से 70 वर्ष तक है, जिससे हर उम्र की महिलाएं जुड़ सकती हैं। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।