साडा स्कूल में बाल दिवस धूमधाम से मनाया: चित्रकला-रंगोली विजेताओं को पुरस्कार, छात्राओं ने लगाए व्यंजन स्टॉल

कोरबा। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साडा में बाल दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। शाला विकास समिति के अध्यक्ष झकेंद्र देवांगन की प्रमुख उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ चाचा नेहरू के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ।

इस अवसर पर चित्रकला तथा रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार वितरित किए गए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में छात्राओं ने मनमोहक नृत्य एवं समूह गीत पेश कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा बाल मेला, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल सजाए। सभी छात्राओं के लिए भोजन एवं मिठाई की विशेष व्यवस्था की गई, जिसका बच्चों ने भरपूर आनंद उठाया।

प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने चाचा नेहरू के बचपन प्रेम को याद करते हुए छात्राओं को पढ़ाई, अनुशासन एवं स्वावलंबन का संदेश दिया।