कोरबा की बेटी संजू देवी ने एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर बढ़ाया देश-प्रदेश का गौरव – मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फोन पर दी बधाई, बोले- संजू की सफलता प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए बनेगी प्रेरणा

कोरबा। जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने ईरान को पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया। भारतीय टीम की इस स्वर्णिम सफलता में कोरबा जिले के पाली विकासखंड के ग्राम केराकछार की रहने वाली संजू देवी (संजू यादव) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संजू भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य हैं और मुख्य रूप से रेडर की भूमिका निभाती हैं।

भारतीय महिला टीम की शानदार जीत पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संजू देवी से फोन पर आत्मीय बातचीत की और उन्हें स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने संजू के खेल प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि से पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित है।

गांव के स्कूल से अंतरराष्ट्रीय खेल मंच तक का सफर
मुख्यमंत्री ने कहा कि संजू देवी ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और खेल कौशल के दम पर छत्तीसगढ़ के साथ देश का नाम रोशन किया है। एशियन गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्णिम सफलता का हिस्सा बनना प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि संजू की सफलता उन बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी, जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने का सपना देखते हैं।

संजू देवी ने महज कक्षा पांचवीं से अपने गांव के स्कूल में कबड्डी खेलना शुरू किया था। उनकी प्रतिभा को जिला कबड्डी संघ के कोच अनुज प्रताप सिंह ने पहचाना और प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया। इसके बाद संजू ने लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाई। वर्तमान में वह बहतराई बालिका आवासीय खेल अकादमी, बिलासपुर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

साधारण परिवार से निकलीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचीं
संजू देवी का जन्म 19 दिसंबर 2002 को हुआ। उनके पिता रामजी यादव ड्राइवर एवं दैनिक मजदूरी का कार्य करते हैं, जबकि माता अमरिका बाई गृहिणी हैं। ग्राम केराकछार, पाली ब्लॉक से निकलकर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच तक पहुंचने का संजू का सफर निरंतर मेहनत और लगन का परिणाम है।
उन्होंने शासकीय महाविद्यालय, कटघोरा से उच्च शिक्षा प्राप्त की है और आईटीआई की पढ़ाई भी पूरी की है। पढ़ाई के साथ उन्होंने कबड्डी में अपना अभ्यास जारी रखा।

विश्व कप में भी भारतीय टीम का हिस्सा रहीं
संजू देवी के अंतरराष्ट्रीय करियर में वर्ष 2025 भी महत्वपूर्ण रहा। ढाका, बांग्लादेश में आयोजित महिला कबड्डी वर्ल्ड कप में उन्होंने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया और टीम की स्वर्ण पदक जीत में योगदान दिया। इसके बाद एशियन गेम्स 2026 के लिए घोषित भारतीय महिला कबड्डी टीम की 12 सदस्यीय टीम में भी उन्हें स्थान मिला।

एशियन गेम्स के शुरुआती मुकाबलों में संजू ने भारतीय टीम के आक्रमण में योगदान दिया। बांग्लादेश के खिलाफ भारत की 42-21 की जीत में उनके सफल रेड निर्णायक रहे। वहीं नेपाल के खिलाफ सेमीफाइनल में भारत ने 48-24 से जीत दर्ज की, जिसमें संजू ने प्रभावी रेड के जरिए टीम की जीत में योगदान दिया।

मुख्यमंत्री ने पूरी टीम को दी बधाई
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां आज शिक्षा, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि गांवों, आदिवासी अंचलों और छोटे शहरों से निकलने वाली खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने के लिए बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और अवसर जरूरी हैं।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ ओलिंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला कबड्डी टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को भी स्वर्णिम सफलता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।