जिला मुख्यालय और विकासखंड स्तर पर लगेंगे शिविर; ई-केवाईसी, आधार व मोबाइल सीडिंग के साथ खाद्य योजनाओं की मिलेगी जानकारी
कोरबा। सेवा संकल्प अभियान के तहत कोरबा जिले में 28 से 30 सितंबर तक जिला मुख्यालय एवं विकासखंड स्तर पर सेवा सेतु कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़ी सेवाओं की जानकारी दी जाएगी।
कैंप में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, वन नेशन वन राशनकार्ड, राशनकार्ड की पात्रता तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली से संबंधित जानकारी नागरिकों को उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा राशनकार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में भी जानकारी दी जाएगी।
ई-केवाईसी और आधार सीडिंग की सुविधा
सेवा सेतु कैंप में उचित मूल्य दुकान संचालकों के माध्यम से राशनकार्ड में पंजीकृत सदस्यों की ई-केवाईसी, आधार सीडिंग और मोबाइल नंबर सीडिंग का कार्य कराया जाएगा। इससे राशनकार्डधारियों को अपनी जानकारी अपडेट कराने की सुविधा मिलेगी।
शिविरों में खाद्यान्न एवं अन्य राशन सामग्री के सैंपल भी प्रदर्शित किए जाएंगे, ताकि हितग्राही उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से वितरित की जाने वाली सामग्री के संबंध में जानकारी प्राप्त कर सकें। विभागीय योजनाओं और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम से संबंधित पोस्टर तथा वीडियो क्लिप के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।
शिकायत निराकरण की भी मिलेगी जानकारी
सार्वजनिक वितरण प्रणाली से संबंधित शिकायतों के निराकरण के लिए उपलब्ध माध्यमों की जानकारी भी कैंप में दी जाएगी। राशनकार्ड से जुड़ी समस्या के निराकरण और जानकारी के लिए नागरिक मोबाइल नंबर 9425201983 पर संपर्क कर सकते हैं।
इसके साथ ही नागरिकों को भारत सरकार के ‘अन्न सहायता’ पोर्टल, विभागीय कॉल सेंटर 1800- 233- 3663 तथा शिकायत निराकरण की अन्य व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
कलेक्टर ने दिए कैंप व्यवस्थित कराने के निर्देश
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित तिथियों में सेवा सेतु कैंप का आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने उचित मूल्य दुकानों पर वितरित खाद्यान्न सामग्री के सैंपल भी प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए हैं।
जिले के नागरिक अपने क्षेत्र में निर्धारित तिथियों पर आयोजित होने वाले सेवा सेतु कैंप में पहुंचकर राशनकार्ड, खाद्यान्न वितरण, पात्रता, ई-केवाईसी सहित विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















