ढोढ़ीपारा में नशेड़ी युवकों ने की मारपीट, एटीएम से निकलवाकर रुपए छीने; वीडियो वायरल, पुलिस तलाश में जुटी

कोरबा। ढोढ़ीपारा स्वागत गेट के निकट बीती रात 4-5 नशे में धुत अज्ञात युवकों ने महेश्वर साहू नामक युवक को साइकिल पर रोककर बेरहमी से पीटा। आरोपियों ने जबरन मोबाइल पासवर्ड मंगवाया, पास के एटीएम से पैसे निकलवाए और लूट लिए। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने से सनसनी फैल गई है। सीएसईबी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है।

पीड़ित महेश्वर साहू (ढेंगुरनाला कोहड़िया निवासी) टीपी नगर की एक मोबाइल दुकान में कार्यरत है। वह रात में साइकिल से नगर निगम कार्यालय जा रहा था, तभी रेलवे लाइन किनारे नशेड़ी युवकों ने उसे घेर लिया। गाली-गलौज के बाद हाथ-पैर, मुक्के और बाल्टी से हमला किया, जिससे उसके चेहरे, नाक व सिर पर गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद वह किसी तरह रात 12:30 बजे नगर निगम पहुंचा और गार्ड को सूचना दी। परिजनों को बताने के बाद सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने अज्ञात 4-5 आरोपियों पर बीएनएस की धारा 115(2), 126(2), 296, 3(5), 304(2), 351(3) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है।

जांच अधिकारी ने बताया कि वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। क्षेत्र में लूट व मारपीट की घटनाओं पर पुलिस की सतर्कता बढ़ गई है।