कोरबा। राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कोरबा पावर लिमिटेड (केपील), पताड़ी ने ‘हरित केपील’ अभियान की शुरुआत की। करतला ब्लॉक स्थित संयंत्र परिसर में इस अवसर पर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व केपील के चीफ बिजनेस ऑफिसर श्री समीर कुमार मित्रा, परियोजना प्रमुख सी.वी.के. प्रसाद, ए. राजागुरु, मुला रवि एवं मार्गदर्शक आर.एन. शुक्ला द्वारा किया गया। आयोजन कंपनी के पर्यावरण विभाग की देखरेख में सम्पन्न हुआ।
अभियान की शुरुआत पर्यावरण विभाग के प्रमुख श्री ईशान ताम्रकार और श्री आलोक मिश्रा के निर्देशन में वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुई। इस कार्यक्रम में केपील अधिकारी, ठेका कर्मी और स्थानीय नागरिकों सहित 150 से अधिक लोगों ने भाग लेकर राष्ट्रगीत एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
केपील के शीर्ष प्रबंधकों जुगल किशोर सेनापति,अखिलेश सिंह, संतोष शर्मा, अतुल गुप्ता और राजेंद्र सांखला ने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए राष्ट्रगीत को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और पर्यावरण संरक्षण में सामूहिक सहभागिता की अपील की।
अभियान के दूसरे दिन संयंत्र परिसर में वृहद वृक्षारोपण की शुरुआत की गई, जिसमें उद्यान विभाग के श्री कंवर पाल मलिक के सहयोग से अधिकारियों ने 200 से अधिक पौधे रोपित किए। केपील प्रबंधन ने बताया कि इस अभियान को आसपास के ग्रामों तक विस्तारित कर स्थानीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि इसे एक जन आंदोलन का स्वरूप मिल सके।
अदाणी समूह द्वारा छत्तीसगढ़ के कोरबा, रायपुर, सरगुजा, दुर्ग, बलौदाबाजार-भाटापारा और बिलासपुर जिलों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और आजीविका उन्नयन के विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सरगुजा जिले के उदयपुर ब्लॉक में 1200 एकड़ पुनः प्राप्त भूमि पर 15.50 लाख पौधों का घना जंगल विकसित करना समूह की हरित प्रतिबद्धता का प्रमुख उदाहरण है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















