कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य आज से औपचारिक रूप से शुरू हो गया। इसी क्रम में वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने विकासखंड कोरबा के आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित, सोनपुरी केंद्र में धान खरीदी कार्य का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में धान विक्रय के लिए पहुंचे किसान फूल सिंह राठिया का पुष्पमाला एवं शॉल-श्रीफल भेंट कर स्वागत किया गया। मंत्री श्री देवांगन ने पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन का पूजन कर खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत की। उन्होंने किसान से उनकी उपज और खरीद-प्रक्रिया के अनुभव के संबंध में जानकारी ली। किसान श्री राठिया ने बताया कि उन्होंने 10 क्विंटल धान विक्रय हेतु लाया है और उन्हें मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन टोकन प्राप्त करने में किसी प्रकार की समस्या नहीं आई।
कार्यक्रम में उपस्थित विधायक रामपुर फूल सिंह राठिया एवं कलेक्टर अजीत वसंत ने भी किसानों को उपज विक्रय की शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर श्री वसंत ने केंद्र में धान खरीदी कार्य को सुचारू रूप से संचालित कराने के निर्देश देते हुए अधिकारियों को दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने और सभी समितियों में गुणवत्तापूर्ण धान खरीदी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने यह भी जोर दिया कि किसानों को धान विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, जिला खाद्य अधिकारी घनश्याम सिंह कंवर, नोडल कॉपरेटिव बैंक के एस. के. जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















