पेंड्रा मझगवां मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार ने बस का इंतजार कर रहे तीन लोगों को अचानक रौंद दिया। हादसा इतना भयंकर था कि कार करीब 10 फीट उछलकर सड़क पर पलट गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में अंडी गांव निवासी छक्के लाल चौधरी (50) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ज्योति गुप्ता और उसकी 9 वर्षीय बेटी गौरी गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार चालक नशे की हालत में था और उसकी कार में पुलिस सायरन भी लगा हुआ था। हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने चालक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई की। इसके बाद, आक्रोशित लोगों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलने पर पेंड्रा पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।
घायलों को तुरंत जिला अस्पताल लाया गया, जहां से बच्ची गौरी की गंभीर आंख की चोट को देखते हुए उसे बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि ज्योति गुप्ता अपनी बेटी के साथ मायके अनुपपुर जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी, जबकि मृतक छक्के लाल चौधरी अपनी बेटी को लेने के लिए वहां पहुंचे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















