महाराष्ट्र में भीषण सड़क हादसा: कोरबा के दो मजदूरों की मौत, तीन गंभीर घायल

कोरबा जिले के बाकी मोगरा थाना क्षेत्र के पांच मजदूर महाराष्ट्र में भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। बुधवार देर रात बीड जिले में गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में उनकी स्कॉर्पियो कार पीछे से तेज रफ्तार में टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो ट्रैक्टर में जा घुसी और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतक मजदूरों की पहचान सुशांत प्रसाद केवट (पिता: लक्ष्मण प्रसाद केवट, निवासी कुदरी पारा मंदिर चौक, बाकी मोगरा) और प्रशांत सिंह (पिता: तारा सिंह, निवासी जंगल साइड, बाकी मोगरा) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में सनी चव्हाण, विशाल शाबू और राजा यादव शामिल हैं, जो सभी बाकी मोगरा के रहने वाले हैं।

पांचों मजदूर एक ही इलाके के रहने वाले थे और कोरबा से महाराष्ट्र की एक फैक्ट्री में काम करने के लिए जा रहे थे। हादसे की सूचना घायलों ने फोन कर परिजनों को दी, जिसके बाद बस्ती में मातम छा गया।

सूचना मिलने पर महाराष्ट्र पुलिस मौके पर पहुंची, शवों का पोस्टमार्टम कराया गया और शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे एंबुलेंस से कोरबा भेज दिया गया। शव पहुंचते ही गांव में भीड़ उमड़ पड़ी और माहौल गमगीन हो गया। परिजन बदहवास हालत में रोते-बिलखते दिखे। घायलों को भी एंबुलेंस से कोरबा लाया गया और उनकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।