शराब के नशे में बदमाशों ने नायब तहसीलदारों पर किया हमला, 4 गिरफ्तार

कोरबा। कुसमुंडा थाना क्षेत्र की आदर्श नगर श्रमिक बस्ती में बीती रात शराब के नशे में धुत बदमाशों ने दो नायब तहसीलदारों पर जानलेवा हमला कर दिया।

घटना में दीपका तहसीलदार अमित केरकेटा और हरदीबाजार तहसीलदार अभिजीत राजभानु गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि बाकी फरार हमलावरों की तलाश में रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

जानकारी के अनुसार, दोनों अधिकारी रात में आदर्श नगर स्थित एक सैलून पहुंचे थे। तभी शराब के नशे में मौजूद कुछ युवकों ने उनके वाहन चालक से अभद्रता शुरू की, गाली-गलौज की और फिर मारपीट पर उतर आए।

बीच-बचाव करने पहुंचे तहसीलदारों पर भी हमलावरों ने लाठियां और डंडे बरसाए, जिससे उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही कुसमुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।

कुसमुंडा थाना प्रभारी युवराज सिंह तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार चारों आरोपी पुनेश, बबन, डिंपल और हितेश सारथी शराब के नशे में थे। मुख्य आरोपी हितेश सारथी को पुलिस ने आदतन अपराधी बताया है, जिसके खिलाफ पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों पर हत्या का प्रयास (IPC 307), डकैती (IPC 395), मारपीट (IPC 323) सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने रातभर इलाके में छापेमारी की और सर्च ऑपरेशन चलाया। थाना प्रभारी ने कहा कि जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।

घटना से इलाके में दहशत है। स्थानीय लोग शराबखोरी और गुंडागर्दी पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों पर हमला होने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।