ठेका मजदूरों के आंदोलन से सात घंटे ठप रहा रानी अटारी खदान में कोल उत्पादन और परिवहन

पेमेंट स्लिप, एचपीसी वेतन दर और सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न मांगों को लेकर किसान सभा के नेतृत्व में प्रदर्शन, प्रबंधन ने लिखित आश्वासन दिया

कोरबा। एसईसीएल के चिरमिरी क्षेत्र अंतर्गत रानी अटारी एवं विजय वेस्ट खदान में ठेका मजदूरों के आंदोलन के चलते मंगलवार को करीब सात घंटे तक कोयला उत्पादन और परिवहन प्रभावित रहा। किसान सभा के नेतृत्व में सुबह 6 बजे शुरू हुए आंदोलन में बड़ी संख्या में ठेका श्रमिक शामिल हुए। कोयला श्रमिक संघ सीटू ने भी आंदोलन को समर्थन दिया।

ठेका मजदूर लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। उनकी प्रमुख मांगों में नियमित पेमेंट स्लिप और पहचान पत्र उपलब्ध कराना, समय पर मजदूरी भुगतान, भविष्य निधि (पीएफ) की जानकारी, एचपीसी (हाई पावर कमेटी) की निर्धारित दर के अनुसार वेतन, सुरक्षा उपकरण तथा सामाजिक सुरक्षा का लाभ शामिल है।

मजदूरों का आरोप है कि उन्हें निर्धारित श्रम अधिकारों और सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है।

लिखित आश्वासन के बाद समाप्त हुआ आंदोलन

आंदोलन के दौरान खदान में कोयला उत्पादन और परिवहन पूरी तरह बंद रहा। स्थिति को देखते हुए एसईसीएल चिरमिरी क्षेत्र के महाप्रबंधक ने श्रमिकों की मांगों पर चर्चा की। किसान सभा के अनुसार, महाप्रबंधक ने मांगों को जायज मानते हुए समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद करीब सात घंटे से जारी आंदोलन समाप्त हुआ और कामकाज बहाल करने का रास्ता साफ हुआ।

मांगें पूरी नहीं हुईं तो उग्र आंदोलन की चेतावनी
छत्तीसगढ़ किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत झा ने ठेका मजदूरों के शोषण का आरोप लगाते हुए कहा कि श्रमिकों को उनके अधिकार और निर्धारित सुविधाएं मिलनी चाहिए। वहीं सीटू के प्रदेश अध्यक्ष वीएम मनोहर ने आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि मजदूरों की मांगों का समयबद्ध निराकरण होना चाहिए। मांगें पूरी नहीं होने पर उन्होंने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।

आंदोलन के दौरान किसान सभा के जिला सचिव दीपक साहू, दामोदर श्याम सहित सीटू के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ठेका श्रमिक उपस्थित रहे।