घर बैठे धान विक्रय का टोकन मिलेगा,‘तुहर टोकन’ मोबाइल एप शुरू

पहले दिन कोरबा जिले में 53.60 क्विंटल धान के टोकन जारी, सभी 73 उपार्जन केंद्रों में नोडल अधिकारी नियुक्त

कोरबा।खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों को धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त करने की सुविधा देने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने ‘तुहर टोकन मोबाइल एप’ शुरू किया है। इसके माध्यम से किसान अब घर बैठे धान बेचने के लिए टोकन प्राप्त कर सकेंगे। इस पहल से समितियों में टोकन कटवाने के लिए लगने वाली लंबी कतारों से राहत मिलने की उम्मीद है।

एप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। किसान दिए गए लिंक के माध्यम से भी इसे डाउनलोड कर सकते हैं। एप पर टोकन के लिए आवेदन करने से पहले आधार आधारित ओटीपी के जरिए पंजीयन करना होगा। पंजीयन पूरा होने के बाद किसान धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त करने आवेदन कर सकेंगे।

कोरबा जिले में एप के माध्यम से पहले ही दिन कुल 53.60 क्विंटल धान विक्रय के लिए टोकन जारी किए गए। इनमें छूरी समिति के 12 क्विंटल और श्यांग समिति के 41.60 क्विंटल धान के टोकन शामिल हैं।

उपार्जन केंद्रों पर निगरानी की व्यवस्था
धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए जिले के सभी 73 उपार्जन केंद्रों में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। इसके साथ ही सभी 60 समितियों में स्थानीय स्तर पर निगरानी समितियों का गठन किया गया है। व्यवस्था की निगरानी के लिए जिला कमांड एवं कंट्रोल सेंटर भी स्थापित किया गया है, जिसके नोडल अधिकारी अपर कलेक्टर होंगे।

अवैध धान आवक रोकने नौ चेकपोस्ट
दूसरे जिलों से धान की आवक रोकने के लिए जिले में नौ चेकपोस्ट बनाए गए हैं। इन चेकपोस्टों पर तहसीलदार और नायब तहसीलदारों को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा निगरानी और कार्रवाई के लिए एक जिला स्तरीय तथा 12 तहसील स्तरीय फ्लाइंग स्क्वॉड गठित किए गए हैं। इन व्यवस्थाओं के जरिए धान खरीदी प्रक्रिया पर नजर रखी जाएगी।