31.30 लाख की लागत से बने प्राथमिक शाला भवन का मंत्री और महापौर ने किया लोकार्पण

सर्वमंगला नगर जोन में पाइपलाइन और नाली निर्माण के कार्यों का भूमिपूजन,वार्ड 64 के इमलीछापर स्कूल को मिला नया भवन

कोरबा।कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने सर्वमंगला नगर जोन में विकास कार्यों की सौगात दी। डंगनियाखार में पेयजल पाइपलाइन एवं नाली निर्माण के विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन किया गया। वहीं वार्ड क्रमांक 64 स्थित प्राथमिक शाला इमलीछापर के 31.30 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन भवन का लोकार्पण किया गया।

इस अवसर पर मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शहर से लेकर गांव तक विकास कार्य कराए जा रहे हैं। आम नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पेयजल, जल निकासी और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जर्जर आंगनबाड़ी और शासकीय स्कूल भवनों के स्थान पर नए भवनों का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

नए स्कूल भवन से बच्चों को मिलेगी सुविधा

वार्ड क्रमांक 64 के इमलीछापर स्थित प्राथमिक शाला का पुराना भवन जर्जर हो चुका था। इसके स्थान पर जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से 31.30 लाख रुपये की लागत से नवीन भवन का निर्माण कराया गया है। मंत्री और महापौर ने इसका लोकार्पण कर इसे स्कूली बच्चों को समर्पित किया। नए भवन से विद्यार्थियों को सुरक्षित और सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।

पेयजल पाइपलाइन और नाली निर्माण के कार्यों का भूमिपूजन

सर्वमंगला नगर जोन के अंतर्गत चार विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें शामिल हैं—

वार्ड क्रमांक 66: बलगी हायर सेकेंडरी स्कूल से डीआई पाइपलाइन बिछाने के लिए 4.21 लाख रुपये।

डंगनियाखार: सूरजभान के घर के पास से पीपल चौरा तक नाली निर्माण के लिए 15 लाख रुपये।

वार्ड क्रमांक 65: एक नंबर दफाई भाटापारा में डीआई पाइपलाइन बिछाने के लिए 16.18 लाख रुपये।

वार्ड क्रमांक 64: इमलीछापर परसाभांठा धनुहारपारा बस्ती से अमरजीत ऑफिस के पीछे तक डीआई पाइपलाइन बिछाने के लिए 2.12 लाख रुपये।

मंत्री ने कहा कि पाइपलाइन बिछने से संबंधित बस्तियों में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था बेहतर होगी, वहीं नाली निर्माण से गंदे पानी की निकासी की समस्या दूर करने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर सहित वार्डों के जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।