कोरबा में आग की दो घटनाओं से मची अफरा-तफरी, कचरा सेंटर से उठीं ऊंची लपटें, चलती बस के गियर बॉक्स में लगी आग

कोरबा। जिले में आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं से लोगों में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। कुसमुंडा के आदर्शनगर स्थित बंद कचरा संग्रहण केंद्र में आग भड़कने से ऊंची लपटें उठने लगीं, वहीं कटघोरा में कोरबा से बिलासपुर जा रही यात्री बस के गियर बॉक्स में अचानक आग लग गई। दोनों घटनाओं में समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

बंद कचरा सेंटर में आग से कॉलोनीवासियों में दहशत
पहली घटना कुसमुंडा परियोजना की आवासीय कॉलोनी आदर्शनगर स्थित कचरा संग्रहण केंद्र (एसएलआरएम सेंटर) में हुई। मंगलवार शाम अचानक सेंटर से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों ने विद्युत तार में शॉर्ट सर्किट अथवा पटाखे की चिंगारी से आग लगने की आशंका जताई है।

कॉलोनीवासियों के अनुसार, यह कचरा संग्रहण केंद्र लंबे समय से बंद पड़ा है। सेंटर में कचरा मुख्य गेट तक भर जाने के कारण इसे खोल पाना भी मुश्किल हो गया है। कचरे के बड़े ढेर में आग लगने से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग की चिंगारी आसपास के आवासीय मकानों तक पहुंचने की आशंका से लोग घबरा गए।

स्थानीय लोगों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद कॉलोनीवासियों ने राहत की सांस ली।

चलती बस के गियर बॉक्स में लगी आग, यात्रियों में मची चीख-पुकार

दूसरी घटना कटघोरा तहसील चौक के पास हुई, जहां यादव बस सर्विस की कोरबा से बिलासपुर जा रही यात्री बस के गियर बॉक्स में अचानक आग लग गई। गियर बॉक्स से धुआं उठकर बस के केबिन में भरने लगा। धुएं का गुबार देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार शुरू हो गई।

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने तत्काल बस रोक दी और उसमें सवार करीब 20 से 25 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बताया जा रहा है कि बस का गियर बॉक्स करीब 15 मिनट तक सुलगता रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने पानी डालकर आग बुझाई। घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।

बस में सवार यात्रियों को बाद में दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। घटना के दौरान सड़क पर कुछ देर तक वाहनों की कतार लग गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। दोनों घटनाओं में समय रहते बरती गई सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।