पॉक्सो समेत विभिन्न मामलों में शामिल आरोपी गिरफ्तार,भेजा गया जेल

कोरबा। बालकोनगर थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ कथित अश्लील हरकत करने और गलत काम के लिए पैसों का प्रलोभन देने के मामले में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान साहिद खान उर्फ शाहिद हुसैन, पिता अनवर खान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, मामला बालकोनगर थाना क्षेत्र की बेलगरी बस्ती का है। नाबालिग के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट (लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम) सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया था।

प्रकरण दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।

कई आपराधिक मामलों में संलिप्तता का आरोप
बालकोनगर थाना प्रभारी के मुताबिक, आरोपी आदतन बदमाश है और लगातार विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। पिछले एक वर्ष के भीतर उसके विरुद्ध अलग-अलग मामलों में अपराध पंजीबद्ध किए गए हैं।

पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।

पुलिस ने आरोपी का नाम गुंडा-बदमाश सूची में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू करने के साथ ही उसके विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई के लिए भी प्रस्ताव भेजने की बात कही है।