कटघोरा में MJM हॉस्पिटल के नवीन चिकित्सालय का भव्य शुभारंभ 11 को, क्षेत्र में मिलेगी मल्टीस्पेशलिटी चिकित्सा सुविधा

कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन करेंगे उद्घाटन, 24 घंटे MBBS डॉक्टर, ICU, मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर सहित मिलेंगी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं

कोरबा-कटघोरा। बेहतर और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा के लिए अब कटघोरा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। कटघोरा के नवागांव रोड पर मीना जैन मेमोरियल हॉस्पिटल (MJM Hospital) के नवीन मल्टीस्पेशलिटी चिकित्सालय का शुभारंभ बुधवार, 11 नवंबर को भव्य समारोह में किया जाएगा। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित इस अस्पताल में मरीजों को विभिन्न विशेषज्ञताओं के उपचार की सुविधा एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराने की तैयारी है।

नवीन चिकित्सालय का उद्घाटन छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व राजस्व, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री जयसिंह अग्रवाल तथा कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह शामिल होंगे। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रतन मित्तल की भी उपस्थिति रहेगी।

24 घंटे चिकित्सक और विशेषज्ञों की सेवाएं
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, नवीन चिकित्सालय में 24 घंटे एमबीबीएस चिकित्सक उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा नियमित रूप से एमडी मेडिसिन विशेषज्ञ अपनी सेवाएं देंगे। हड्डी रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग तथा सर्जरी से संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सकों की सुविधा भी मिलेगी। बड़े शहरों के सुपरस्पेशलिटी अस्पतालों में सेवाएं देने वाले विशेषज्ञ चिकित्सकों की विजिट भी प्रस्तावित है, ताकि मरीजों को जटिल बीमारियों के उपचार के लिए स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ परामर्श मिल सके।

अस्पताल में गंभीर मरीजों की देखभाल के लिए आईसीयू (गहन चिकित्सा इकाई), आधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, प्राइवेट वार्ड और भर्ती मरीजों के उपचार की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही प्रसव एवं मातृत्व सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। मरीजों की सुविधा के लिए 24 घंटे फार्मेसी और पैथोलॉजी की व्यवस्था रहेगी। इससे दवाइयों और आवश्यक जांचों के लिए मरीजों तथा उनके परिजनों को अलग-अलग स्थानों पर भटकने की जरूरत कम होगी।

मल्टीस्पेशलिटी चिकित्सा केंद्र के रूप में अस्पताल में मरीजों की जांच, विशेषज्ञ परामर्श, भर्ती, ऑपरेशन और उपचार संबंधी सेवाओं को एक ही परिसर में उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है। सामान्य बीमारियों से लेकर गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं तक के उपचार के लिए समन्वित चिकित्सा व्यवस्था विकसित की गई है।

कटघोरा सहित ग्रामीण अंचल को मिलेगा लाभ
कटघोरा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के अनेक मरीज बेहतर उपचार के लिए कोरबा, बिलासपुर और रायपुर जैसे शहरों पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में स्थानीय स्तर पर आधुनिक मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल की शुरुआत से क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं, गर्भवती माताओं, दुर्घटना में घायल लोगों और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को इसका लाभ मिल सकेगा।

MJM हॉस्पिटल के संचालक डॉ. प्रदीप जैन, डॉ. प्रिंस जैन और डॉ. आकांक्षा जैन ने बताया कि नवीन चिकित्सालय का शुभारंभ 11 नवंबर को दोपहर 2 बजे मीना जैन मेमोरियल हॉस्पिटल, नवागांव रोड, कटघोरा में होगा।उन्होंने क्षेत्रवासियों से समारोह में शामिल होने की अपील की है।

कटघोरा में इस आधुनिक अस्पताल की शुरुआत को क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।