फिसलन भरी चट्टान पर युवकों की पिटाई,एक युवक को नीचे धकेलने की कोशिश का भी आरोप
कोरबा।बालको थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट परसाखोला वाटरफॉल में युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। यहां दो से तीन युवकों की बेरहमी से पिटाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक वाटरफॉल के ऊपर फिसलन भरी चट्टान पर युवकों के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। मारपीट में कढ़ाई और चम्मच का इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई है।
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कुछ युवक मिलकर दो-तीन युवकों को घेरकर पीट रहे हैं। आरोप है कि मारपीट के दौरान एक युवक को फिसलन भरी जगह से नीचे धकेलने की कोशिश भी की गई। वाटरफॉल के ऊपर इस तरह की हिंसक घटना किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी।


मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
घटना के बाद पिकनिक स्पॉट पर आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा और वहां निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, मारपीट की वजह क्या थी और इसमें शामिल युवक कौन हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
इस संबंध में बालको थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बावजूद अब तक पुलिस में शिकायत नहीं पहुंचना भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
