कोरबा। धनतेरस के पावन अवसर पर आरोग्य, सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की मंगल कामना के साथ आयुर्वेद के प्रवर्तक भगवान श्री धन्वंतरि की जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। निहारिका स्थित महानदी कॉम्प्लेक्स के पतंजलि चिकित्सालय परिसर में आयोजित समारोह में भगवान धन्वंतरि का विधिविधान से पूजन-अर्चन कर सर्वजन के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने कहा कि वास्तविक धन निरोगी शरीर है। धन-संपदा का महत्व तभी है, जब मनुष्य स्वस्थ और प्रसन्न जीवन जी सके।


आयुष मेडिकल एसोसिएशन, नमामी हसदेव सेवा समिति, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, श्री शिव औषधालय एवं पतंजलि चिकित्सालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह की अध्यक्षता जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. श्वेता एक्का ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संरक्षक डॉ. जे.पी. चंद्रा, तहसीलदार डॉ. रविशंकर राठौर, नमामी हसदेव सेवा समिति के अध्यक्ष चंद्र किशोर श्रीवास्तव, कार्यकारी अध्यक्ष रणधीर पांडे, दंत चिकित्सक डॉ. बी. प्रसाद तथा प्रसिद्ध भजनोपदेशक पंडित शिवराज शर्मा उपस्थित रहे। श्री शिव औषधालय के संस्थापक नाड़ी वैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा की विशेष उपस्थिति रही।
षोडशोपचार पूजन और आरती के साथ हुआ शुभारंभ
समारोह का शुभारंभ भारत माता एवं भगवान श्री धन्वंतरि के तैलचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित अतिथियों, चिकित्सकों और नागरिकों ने भगवान धन्वंतरि का सामूहिक षोडशोपचार पूजन कर आरती की। पूजन की विधि श्री शिव औषधालय के संस्थापक नाड़ी वैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा एवं यज्ञाचार्य पंडित सत्यम शर्मा ने संपन्न कराई। अतिथियों का स्वागत आयुष चिकित्सकों ने तिलक, पुष्पहार और श्रीफल भेंटकर किया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध भजनोपदेशक पंडित शिवराज शर्मा ने भगवान श्रीराम पर आधारित अपने स्वरचित भजनों की प्रस्तुति दी। उनकी भावपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके पश्चात जांजगीर-चांपा के गायक डॉ. रवि सराफ और कोरबा के गायक संदीप शर्मा ने भक्ति एवं देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया।
आयुर्वेद का प्रचार-प्रसार करना पुण्य का कार्य : डॉ. श्वेता एक्का
समारोह की अध्यक्षता कर रहीं जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. श्वेता एक्का ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि आयुर्वेद चिकित्सा करना और इसका प्रचार-प्रसार करना पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि डॉ. नागेंद्र शर्मा एवं शिव औषधालय परिवार लंबे समय से विभिन्न माध्यमों और आयोजनों के जरिए आयुर्वेद के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में योगदान दे रहे हैं। यह प्रयास सराहनीय है।
विशिष्ट अतिथि डॉ. रविशंकर राठौर ने कहा कि प्रशासनिक सेवा में आने के बाद भी आयुर्वेद से उनका जुड़ाव कायम है। वे आमजन की सेवा में आयुर्वेद के महत्व को हमेशा प्राथमिकता देते हैं। डॉ. जे.पी. चंद्रा ने धन्वंतरि जयंती की शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ जीवन के लिए आयुर्वेद को अपनाने पर जोर दिया।
नमामी हसदेव सेवा समिति के अध्यक्ष चंद्र किशोर श्रीवास्तव और कार्यकारी अध्यक्ष रणधीर पांडे ने प्रकृति के पंचतत्व- आकाश, वायु, अग्नि, जल और पृथ्वी की शुद्धता को स्वस्थ जीवन का आधार बताया। रणधीर पांडे ने कहा कि पंचतत्वों का संतुलन और शुद्धता बनाए रखना आवश्यक है। इसके बिना निरोगी शरीर की कल्पना साकार नहीं हो सकती।
स्वस्थ शरीर ही सबसे बड़ी संपदा : डॉ. पवन कुमार
मुख्य अतिथि डॉ. पवन कुमार ने भगवान धन्वंतरि की जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निरोगी शरीर ही मनुष्य का वास्तविक धन है। आरोग्य के देवता भगवान धन्वंतरि की आराधना का उद्देश्य भी सभी के उत्तम स्वास्थ्य और कल्याण की कामना करना है। उन्होंने आयोजन के संयोजक डॉ. नागेंद्र शर्मा का आभार जताते हुए कहा कि इस आयोजन के माध्यम से उन्हें पूरे कोरबा जिले के सुस्वास्थ्य की मंगल कामना करने का अवसर मिला।
समारोह के समापन पर मुख्य अतिथि डॉ. पवन कुमार, अध्यक्ष डॉ. श्वेता एक्का, विशिष्ट अतिथियों तथा भजनोपदेशक पंडित शिवराज शर्मा को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। अन्य अतिथियों एवं चिकित्सकों का भी सम्मान किया गया। श्री शिव औषधालय के चिकित्सक डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा, डॉ. युगेश नारायण शर्मा एवं डॉ. जितेंद्र नारायण शर्मा ने स्मृति चिह्न प्रदान किए।
कार्यक्रम का संचालन अशोक शर्मा ने किया। समारोह के संयोजक एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने अतिथियों, चिकित्सकों, सामाजिक संगठनों, औषधि कंपनियों और आयोजन में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
आयोजन को सफल बनाने में डॉ. राजेश राठौर, लायन शिव जायसवाल,डॉ.सुरेंद्र मिश्रा सहित बड़ी संख्या में चिकित्सकों, वैद्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और श्री शिव औषधालय परिवार के सदस्यों की सहभागिता रही।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
