32 हजार रुपये नकद, दो बाइक और पांच मोबाइल जब्त; जब्त सामग्री की कुल कीमत 1.83 लाख रुपये
कोरबा। जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पसान पुलिस ने ग्राम तेलियामार में जुए के फड़ पर दबिश देकर 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में एक शासकीय प्राथमिक शाला का प्रधान पाठक और ग्राम पंचायत का सरपंच भी शामिल बताए गए हैं।
पुलिस ने मौके से 32 हजार रुपये नकद दो मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन और ताश की गड्डी सहित करीब 1 लाख 83 हजार रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को ग्राम तेलियामार में रुपये दांव पर लगाकर जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। इस पर पसान थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी। अचानक पुलिस की कार्रवाई से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने कथित तौर पर जुआ खेल रहे 13 लोगों को पकड़कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की।
32 हजार नकद और दो बाइक सहित 1.83 लाख की जब्ती
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 52 पत्ती ताश और जुए में लगाई गई 32 हजार रुपये की नकदी जब्त की। इसके अलावा दो मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन और एक लाल गमछा भी बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, मोटरसाइकिलों की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये और मोबाइल फोन की कीमत लगभग 50 हजार रुपये है। नकदी सहित जब्त सामग्री का कुल मूल्य करीब 1 लाख 83 हजार रुपये आंका गया है।
प्रधान पाठक और सरपंच के नाम भी गिरफ्तार लोगों की सूची में
पुलिस की ओर से जारी सूची में शैलेंद्र जेम्स (45), कपिल सिंह (54), रवि ठाकुर (50), गजेंद्र यादव (30), सोनसाय (50), दशरथ खलखो (35), कैलाश कुंजूर (25), शौभमन (41), चंद्रभान कौशिक (35), राजकुमार रजक (25), समार (31), अनुराग वर्मा (30) और सहदेव आमों (45) के नाम शामिल हैं।
बताया गया है कि गिरफ्तार गजेंद्र यादव प्राथमिक शाला पंडरीपानी में प्रधान पाठक के पद पर पदस्थ हैं, जबकि सहदेव आमों ग्राम पंचायत के सरपंच हैं। इस कार्रवाई में शासकीय शिक्षक और पंचायत प्रतिनिधि के नाम सामने आने से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
जुआ-सट्टा के खिलाफ अभियान जारी
पसान पुलिस का कहना है कि थाना क्षेत्र में जुआ-सट्टा सहित अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। तेलियामार में की गई कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा है। पुलिस ने ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ आगे भी वैधानिक कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
