बुजुर्ग वेद कुंवर के सूने आंगन में स्काउट्स-गाइड्स ने बिखेरी दीपावली की खुशियां

कोरबा। दीपावली की असली खुशियां दूसरों के जीवन में मुस्कान बिखेरने से मिलती हैं। इसी सेवा और संवेदना की मिसाल शासकीय हाई स्कूल ग्राम बुंदेली के स्काउट्स एवं गाइड्स ने पेश की। पांच वर्षों से जरूरतमंद परिवारों के साथ दीपावली मनाने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार विद्यार्थियों ने गांव की 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला वेद कुंवर के घर को अपने श्रम और स्नेह से रोशन किया।

वेद कुंवर के पति का पिछले वर्ष निधन हो गया था। उनका बेटा और बेटी विवाहित हैं तथा अलग रहते हैं। वह मजदूरी कर अपना जीवनयापन करती हैं। ऐसे में त्योहार के दौरान घर की साफ-सफाई और रंगाई-पुताई कराना उनके लिए आसान नहीं था। उनकी इस स्थिति को देखते हुए धनतेरस के दिन स्कूल के 21 स्काउट्स एवं गाइड्स उनके घर पहुंचे और पूरे उत्साह से श्रमदान करते हुए घर को दीपावली के लिए सजाया।

प्राचार्य अनीता ओहरी के मार्गदर्शन और गाइड कैप्टन पुष्पा शांडिल्य के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने घर की रंगाई-पुताई, छपाई और साफ-सफाई की जिम्मेदारी संभाली। किसी ने दीवारों पर रंग लगाया तो किसी ने घर की सफाई और सजावट में सहयोग किया। इस पहल के जरिए विद्यार्थियों ने वेद कुंवर को यह अहसास कराया कि वह अकेली नहीं हैं और त्योहार की खुशियों में पूरा गांव उनके साथ है।

घर को संवारने के बाद स्काउट्स एवं गाइड्स ने लोकनृत्य प्रस्तुत किया और वेद कुंवर के साथ बैठकर भोजन किया। दीपावली के दिन भी विद्यार्थियों ने उनके घर पहुंचकर रंगोली बनाने, दीप जलाने और फल-मिठाइयां भेंट करने की योजना के अनुरूप खुशियां साझा कीं। आसपास के बच्चों के साथ प्रदूषण रहित पटाखे जलाकर त्योहार का आनंद भी लिया।

पांच वर्षों से जारी है सेवा की परंपरा
शासकीय हाई स्कूल बुंदेली के स्काउट्स एवं गाइड्स की यह पहल कोई एक दिन का आयोजन नहीं है। विद्यार्थी पिछले पांच वर्षों से प्रत्येक दीपावली पर किसी जरूरतमंद परिवार के घर पहुंचकर श्रमदान करते आ रहे हैं। इस वर्ष भी उन्होंने अपनी छुट्टियों और त्योहार की तैयारियों के बीच समय निकालकर सेवा का संकल्प निभाया। विद्यार्थियों की इस पहल ने साबित किया कि त्योहार की वास्तविक रोशनी केवल दीपों से नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और अपनत्व से भी फैलती है।