गद्दे बनाने वाली फैक्ट्री के सामने तेज आवाज वाले पटाखे फोड़ने से मचा हड़कंप

औद्योगिक क्षेत्र खरमोरा में सुरक्षा को लेकर चिंता, फैक्ट्री संचालक ने पुलिस से की शिकायत; सीसीटीवी फुटेज की जांच और रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने की मांग

कोरबा। औद्योगिक क्षेत्र खरमोरा स्थित कमल इंडस्ट्रीज के सामने अज्ञात लोगों द्वारा तेज आवाज और भारी क्षमता वाले पटाखे फोड़ने का मामला सामने आया है। मंगलवार शाम करीब 7.20 बजे हुई इस घटना से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। फैक्ट्री संचालक ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए पुलिस प्रशासन से शिकायत की है।

जानकारी के अनुसार, खरमोरा के प्लॉट नंबर 50 में गद्दे और मैट्रेस बनाने वाली कमल इंडस्ट्रीज संचालित है। फैक्ट्री के सामने अज्ञात तत्वों ने जमकर पटाखे फोड़े। संचालक आशीष बत्रा ने आशंका जताई कि औद्योगिक क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियां किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती हैं। हालांकि, राहत की बात रही कि घटना में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।

आशीष बत्रा ने पुलिस प्रशासन से आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर पटाखे फोड़ने वालों की पहचान करने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

उन्होंने शाम के बाद औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने का भी आग्रह किया है।

उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के उद्योग संचालित हैं, जहां कई कार्यों में आग और अन्य जोखिमों की आशंका बनी रहती है। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में अराजक तत्वों की इस तरह की हरकत उद्योगों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती है। समय रहते ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाना जरूरी है।