कोरबा। दीपका थाना क्षेत्र के प्रगति नगर कॉलोनी में सोमवार शाम को एक पुलिस परिवार के 32 वर्षीय युवक ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतक फणीभूषण ध्रुव उर्फ दादू (32 वर्ष), पिता कलम सिंह ध्रुव, का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। मौके से पुलिस को शराब और कोल्ड ड्रिंक की बोतलें बरामद हुई हैं, लेकिन आत्महत्या का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
मृतक के पिता कलम सिंह ध्रुव पुलिस विभाग से सहायक उप निरीक्षक (ASI) के पद से रिटायर हैं। उनका बड़ा बेटा लक्ष्मी नारायण ध्रुव कोरबा पुलिस विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है। घटना के समय फणीभूषण घर में अकेला था। काफी देर तक कमरे से बाहर न आने पर पड़ोसियों और परिजनों को शक हुआ। दरवाजा तोड़कर देखा तो फांसी पर लटका शव मिला।
सूचना मिलते ही दीपका पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में कमरे में शराब की बोतलें मिलने से नशे की हालत में आत्मघाती कदम उठाने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन परिजन पूरी तरह सदमे में हैं और उन्हें कोई वजह समझ नहीं आ रही।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आत्महत्या के पीछे के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है। इलाके में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस परिवार से जुड़े इस हादसे ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

