कोरबा। सीतामणी क्षेत्र में ओवरटेक के मामूली विवाद ने रविवार को खतरनाक रूप ले लिया। बाइक सवार कुछ युवकों ने सरस्वती शिशु मंदिर के पास स्कॉर्पियो गाड़ी को बीच सड़क पर रोककर चालक अनिल अनंत और उनके परिवार के साथ जमकर मारपीट की।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कोतवाली पुलिस हरकत में आई और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
मानिकपुर चौकी क्षेत्र निवासी अनिल अनंत परिवार सहित कहीं जा रहे थे। सीतामढ़ी मेन रोड पर दो बाइक सवार युवकों ने ओवरटेक को लेकर पहले विवाद किया, फिर गाड़ी को आगे जाकर रोक लिया। इसके बाद बंदे विश्वकर्मा, अजय कुंभकार, सोनू दास सहित 4-5 युवकों ने बेल्ट निकालकर स्कॉर्पियो पर हमला शुरू कर दिया। अनिल ने दरवाजा लॉक कर लिया, लेकिन आरोपियों ने जबरन दरवाजा खोलकर बेल्ट से उसकी पिटाई की। परिजन भी चोटिल हुए।
पीड़ित अनिल अनंत की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 191(2), 190, 3(5) के तहत बंदे विश्वकर्मा, अजय कुंभकार, सोनू दास और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।
सभी आरोपी सीतामणी क्षेत्र के ही बताए जा रहे हैं।
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया, “वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि किस तरह बेल्ट से हमला किया गया। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
पतासाजी जारी है, जल्द ही गिरफ्तारी होगी।” पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वीडियो एनालिसिस के जरिए अन्य संलिप्त लोगों की तलाश कर रही है।
घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग गुंडागर्दी पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















