हाईकोर्ट के आदेश पर बिलासपुर में 100 साल पुराना अतिक्रमण हटाया, 10 एकड़ सरकारी जमीन मुक्त

बिलासपुर। हाईकोर्ट के सख्त आदेश के बाद नगर निगम बिलासपुर ने मंगलवार को अवैध कब्जों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। मिशन अस्पताल क्षेत्र में करीब 100 साल पुराने कब्जे को ध्वस्त कर लगभग 10 एकड़ सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इस जमीन पर दशकों से कई परिवारों ने अवैध रूप से कब्जा जमाया हुआ था।

मंगलवार सुबह भारी पुलिस बल और निगम अमले की मौजूदगी में एंटी-एन्क्रोचमेंट टीम ने अभियान शुरू किया। जेसीबी मशीनों की मदद से सभी कच्चे-पक्के मकान और निर्माण ध्वस्त कर दिए गए। प्रशासन ने पहले कब्जाधारियों को कई नोटिस जारी किए थे, जिन्हें अनदेखा करने पर यह सख्त कार्रवाई की गई।

नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, मिशन अस्पताल इलाके की यह जमीन सरकारी रिकॉर्ड में सार्वजनिक उपयोग के लिए दर्ज है। वर्षों से यहां अवैध निर्माण और कब्जे हो रहे थे। हाईकोर्ट ने हालिया आदेश में जमीन को तत्काल खाली कराने के निर्देश दिए थे, जिसके अनुपालन में निगम ने पूरी तैयारी के साथ यह ऑपरेशन चलाया।

कार्रवाई के दौरान कुछ कब्जाधारियों ने विरोध जताया और आपत्ति उठाई, लेकिन प्रशासन ने कानूनी प्रक्रिया और समझाइश के बाद जमीन पूरी तरह खाली करा ली। निगम अधिकारियों ने पुष्टि की कि अब यह क्षेत्र पूर्ण रूप से अतिक्रमणमुक्त हो चुका है।

नगर निगम ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल शुरुआत है। “यह बिलासपुर में अब तक की सबसे बड़ी एंटी-एन्क्रोचमेंट कार्रवाई है। शहर की किसी भी सार्वजनिक जमीन पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा,” अधिकारियों ने कहा।

प्रशासन अब इस 10 एकड़ मुक्त जमीन का उपयोग सार्वजनिक परियोजनाओं, पार्क, सड़क या अन्य विकास कार्यों के लिए करने की योजना बना रहा है। इससे शहरवासियों को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से निजात मिलेगी।